रायगढ़ , मई 01 -- अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले प्रदेशभर से आए कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के तहत कर्मचारियों ने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के निवास का घेराव भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी, श्रमिक और विभिन्न विभागों के कर्मी शामिल हुए।

फेडरेशन के प्रदेश संयोजक रामकुमार सिन्हा ने बताया कि सरकार गठन से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण और स्थायीकरण का वादा किया था। उन्होंने कहा कि जन घोषणा पत्र में भी 100 दिनों के भीतर समिति गठित कर इस दिशा में कार्य करने की बात कही गई थी, लेकिन लगभग 800 दिन बीत जाने के बाद भी इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

प्रदर्शन में वन विभाग, जल संसाधन, स्कूल शिक्षा, उद्यानिकी, बीज निगम और वन विकास निगम सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा वाहन चालक, कंप्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सुरक्षा कर्मी तथा स्कूल सफाई कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित