रायगढ़ , फरवरी 02 -- छत्तीसगढ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के मुताबिक केलो बिहार कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी।
सूचना की तस्दीक के बाद थाना चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस द्वारा योजनाबद्ध तरीके से एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के भीतर भेजा गया। संकेत मिलते ही टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा।
छापे के दौरान मकान से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया, वहीं मौके से दो आरोपियों डिंपी उर्फ राहुल इजारदार एवं नागेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नकद राशि एवं देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बाहर से महिलाओं को बुलाकर किराये के मकान में रखकर पैसों के लालच में देह व्यापार का संचालन कर रहे थे। पूरे नेटवर्क का संचालन आरोपी स्वयं कर रहे थे।
इस मामले में थाना चक्रधरनगर में आरोपियों के विरुद्ध पीटा अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक एवं अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना एवं चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित