रायगढ़ , फरवरी 04 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े मामले का बुधवार को खुलासा किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जुआ-सट्टा, अवैध शराब एवं अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के 24 घंटे के भीतर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवा नगर में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की। सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने एसबीआई मेन ब्रांच के सामने रोड किनारे स्थित अनिल कुमार नंदे के मकान में दबिश दी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त मकान में राहुल कुमार यादव एवं उसकी महिला सहयोगी द्वारा बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पीटा एक्ट की प्रक्रिया के तहत एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।
मौके से आरोपी राहुल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी तथा अनैतिक कार्य के लिए लाई गई दो महिलाएं पुलिस के हाथ लगीं। तलाशी के दौरान देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल फोन (रेडमी व विवो) तथा नकद 2000 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने देह व्यापार के जरिए अवैध कमाई करने की बात स्वीकार की।
कोतवाली थाना में आरोपी राहुल कुमार यादव एवं उसकी महिला सहयोगी के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब, देह व्यापार और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।
ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्भय होकर सूचना दें, प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित