रायगढ़ , जनवरी 19 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सोमवार को जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, पर्यवेक्षण अधिकारी तथा संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराध, लंबित चालान, लंबित मर्ग और लंबित शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष और समयबद्ध निराकरण को प्राथमिकता बताते हुए सभी थाना प्रभारियों को जांच में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग और दस्तावेजों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच, सीसीटीवी कैमरों के बेहतर उपयोग और मुखबिर तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर समस्या बताते हुए यातायात नियमों के सख्त पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच, तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, शांति व्यवस्था और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करते हुए संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित