रायगढ़ , फरवरी 20 -- ) छत्तीसगढ़ में रायगढ़ की पुलिस ने कोलकाता से पांच सटोरियों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और देह व्यापार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के मद्देनजर पुलिस द्वारा सट्टा की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में रायगढ़ पुलिस ने क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने वाले और फरार वारंटी आरोपियों को कोलकाता के एक होटल से गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि विशेष टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से कोलकाता के हावड़ा स्थित एक बड़े होटल में दबिश दी गई। इस दौरान पांच नामी सटोरियों सहित उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई जिले में सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

गौरतलब है कि 23 अप्रैल को कोतवाली थाना और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने गांजा चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अमित अग्रवाल को क्रिकेट सट्टा नोट करते रंगे हाथों पकड़ा था। उसके पास से एक एंड्रायड मोबाइल फोन और एक लाख 20 हजार रुपये नगद जब्त किए गए थे। इस मामले में जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूक सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने इनके विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश किया, जिसके आधार पर स्थायी वारंट जारी किए गए।

इसके बाद 22 अप्रैल 2025 को चक्रधरनगर पुलिस और अपराध शाखा की टीम ने डिग्री कॉलेज क्षेत्र के पास दो आरोपियों को मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूरा सट्टा नेटवर्क कोलकाता से संचालित किया जा रहा था और मोबाइल लिंक के जरिए करोड़ों रुपये का दांव लगाया जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित