देहरादून, दिसंबर 13 -- ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को आयोजित होने जा रही महा रैली में भाग लेने के लिए उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से कांग्रेस के जत्थे रवाना हो गए हैं।
उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शनिवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दिल्ली में आयोजित होने जा रही वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली ऐतिहासिक होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की रैली में भाग लेने के लिए आज सवेरे से ही कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रस्थान कर रहे हैं, कुछ कांग्रेस जन आज रात और रविवार सवेरे तक दिल्ली रैली में शामिल होने के लिए पहुंच जायेंगे। इसके अलावा दिल्ली से नजदीकी जिलों हरिद्वार उधम सिंह नगर से आई रिपोर्ट के आधार पर वहां के कांग्रेसी कार्यकर्ता रविवार तड़के दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
गोदियाल ने कहा कि विधानसभा प्रभारियों की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है कि लगभग 15 से 16 हजार कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेता दिल्ली स्थित रामलीला मैदान पहुंचेंगे। इसी तरह अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग रैली में प्रतिभाग करने के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में कल संख्या बल के हिसाब से ऐतिहासिक रैली आयोजित होने जा रही है।
इस रैली का उद्देश्य यह है कि जिस प्रकार केंद्र की सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर भाजपा के लिए वोटो का इंतजाम कर रही है, उसका आम अवाम के सामने पर्दाफाश किया जाए। निश्चित रूप में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का यह आह्वान देश के तमाम लोगों का ध्यान इस और केंद्रित करेगा,कि सरकार आइंदा ऐसे गलत कार्यों से बचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित