बिलासपुर , अप्रैल 15 -- ) आस्था और उत्साह के माहौल के बीच आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से श्री रामलला दर्शन योजना के तहत विशेष ट्रेन 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। गाजे-बाजे, पारंपरिक नृत्य, तिलक और फूल-मालाओं के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा के बीच रवाना हो रहे यात्रियों के चेहरों पर उत्साह, श्रद्धा और भावुकता साफ झलक रही थी।
श्री साहू ने बताया कि यह योजना लोगों की आस्था को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके जरिए समाज के हर वर्ग को भगवान श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल को जनहित में एक संवेदनशील और सराहनीय कदम बताया।
इस खास अवसर पर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इस तरह की व्यवस्था किसी सपने के सच होने जैसी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित