रामपुर , अप्रैल 28 -- रामपुर में शादी का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब रामगंगा नदी में मंढा रस्म करने गए सात युवक तेज बहाव में डूब गए। पांच युवकों को ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन दूल्हे के भाई की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है।
मृतक के परिजन शेर सिंह ने बताया कि जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव कूप में एक शादी थी। बीते सोमवार की शाम रामगंगा नदी में मंढा प्रवाहित करने गए सात युवक दुर्घटना का शिकार हो गए। इनमें से 5 युवकों को लोगों ने बचा लिया, लेकिन इस हादसे में दूल्हे के 30 वर्षीय भाई नन्हें की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई मुन्ना अब भी लापता है।
कूप गांव के रहने वाले श्याम लाल के बेटे राजा उर्फ राजकुमार की शादी रविवार को हुई थी। बारात बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के सुरजनपुर गई थी और सोमवार सुबह दुल्हन के साथ वापस लौटी। घर में रिश्तेदारों की विदाई की तैयारियां चल रही थीं और माहौल खुशियों से भरा हुआ था। इसी दौरान परिवार के सदस्य परंपरा के अनुसार मंढा प्रवाहित करने के लिए रामगंगा नदी की ओर शाम को रवाना हुए।
मंढा प्रवाहित करने के बाद दूल्हे के दो भाई नन्हें और करन अपने दोस्तों लकी, संदीप और बरेली से आए ममेरे भाइयों कल्लू और मुन्ना के साथ नदी में मढ़े के दौरान नहाने लगे। इसी दौरान तेज धारा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। अचानक सभी युवक गहरे पानी में डूबने लगे। किनारे खड़े लोगों ने जब यह देखा तो शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बचाव कार्य लग गए। कड़ी मशक्कत के बाद करन, लकी, संदीप और कल्लू को बाहर निकाला जा सका, जबकि नन्हें और मुन्ना गहरे पानी में गायब हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घंटों की तलाश के बाद ग्रामीणों ने नन्हें को बेहोश हालत में बाहर निकाला। परिजन उसे इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर, ममेरा भाई मुन्ना अब भी लापता है। पुलिस और स्थानीय लोग उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए हैं।
वहीं प्रशासनिक सहायता नहीं मिलने से परिजन काफी नाराज नजर आए। घटना की जानकारी लेने के लिए सीओ मिलक, एसडीएम मिलक, एसओ थाना मिलक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। मृतक के छोटे भाई शेर सिंह ने बताया कि कोई अधिकारी, पुलिस मौके नहीं पहुंचा और न ही कोई सहायता पहुंचाई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित