रामपुर , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक महिला लेखपाल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। एंटी करप्शन टीम ने उसे एक किसान से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है।
जिले के थाना टांडा क्षेत्र के बैंजना गांव निवासी लेखपाल रिचा सक्सैना के पास बैंजना गांव के इनायत अली किसान अपनी शिकायत लेकर गए थे। उनके खेत में बीच से चक रोड निकाल दिया गया। इस शिकायत को लेकर वह लेखपाल रिचा सक्सैना के पास पहुंचे थे। उनका कहना था कि नक्शे में चक रोड खेत के किनारे में था, लेकिन उसे बीच से निकाल दिया गया।
आरोप है कि रिचा सक्सेना ने कहा कि चकरोड किनारे कर दिया जाएगा, इसके लिए दस हजार रुपये देने पड़ेंगे। साथ ही रिचा सक्सेना ने कहा कि 5000 पहले देने पड़ेंगे और 5000 रुपये काम होने के बाद देने पड़ेंगे।
इसकी शिकायत इनायत अली पीड़ित किसान ने एंटी करप्शन टीम मुरादाबाद से 15 दिसंबर को की। इस पर एंटी करप्शन टीम ने आज जाल बिछाया। पीड़ित इनायत अली ने बताया कि रिचा सक्सेना ने आज उन्हें अपने घर थाना सिविल लाइंस ज्वाला नगर बुलाया और घर के बाहर रुपयों की मांग की। इस दौरान जैसे ही उन्हें 5000 रुपये दिये गये, एंटी करप्शन टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। आरोपी लेखपाल को सिविल लाइंस थाने ले जाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित