रामपुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के शाहबाद क्षेत्र में बिजली विभाग में तैनात एक जूनियर इंजीनियर (जेई) ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाहजहांपुर निवासी रविंद्र मिश्रा (42) सैफनी बिजलीघर में जेई के पद पर तैनात थे और शाहबाद के बिलारी मार्ग स्थित एक किराए के मकान में अकेले रहते थे। शनिवार देर रात उन्होंने अपने भाई से वीडियो कॉल पर बात की, जिसके कुछ समय बाद उन्होंने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था और तलाक का मामला भी विचाराधीन था, जिससे वह मानसिक तनाव में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित