कानपुर , मार्च 19 -- रामनवमी एवं नवरात्र पर्व के दृष्टिगत जुलूस एवं रूट मार्च की व्यवस्थाओं को लेकर कानपुर पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बेकनगंज क्षेत्र स्थित सद्भावना चौकी पर जुलूस आयोजकों एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त ने आयोजकों से समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अफवाहों से बचने तथा प्रशासन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत उन्होंने चमनगंज थाना क्षेत्र में नवरात्र के दौरान निकाले जाने वाले जवारों के जुलूस एवं शोभायात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संवेदनशील स्थानों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने निर्देशित किया कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और सीसीटीवी व ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए। साथ ही आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अर्चना सिंह सहित थाना प्रभारी बेकनगंज, चमनगंज एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित