बिहारशरीफ , मार्च 13 -- पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जितेंद्र राणा ने शुक्रवार को कहा कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
श्री राणा ने आज नालंदा पुलिस लाइन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि रामनवमी को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की संभावित गड़बड़ी को रोकने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में सांप्रदायिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिससे पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।
श्री राणा ने बताया कि बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जुलूस निकालने से पहले प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन द्वारा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे इलाके की निगरानी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित