रामनगर , दिसंबर 14 -- उत्तराखंड में रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

आज शाम कालाढूंगी थाना क्षेत्र के धमोला इलाके में एक पैसेंजर बस और कार के बीच जोरदार टक्कर होने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटी। हादसे में सात यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है जबकि कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। धमोला के पास बस के आगे चल रही एक कार ने अचानक कुत्ते को बचाने के प्रयास में इमरजेंसी ब्रेक लगाया। पीछे चल रही बस के चालक ने भी कार को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया लेकिन तेज रफ्तार के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में पलट गई।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

रामनगर सीओ सुमित पांडे ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस के आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे आ रही बस पलट गई। बस में करीब 30 से 35 सवारियां मौजूद थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित