रामनगर , मार्च 13 -- उत्तराखंड के रामनगर में गुरुवार देर रात हल्द्वानी-रामनगर मार्ग पर नगर वन के समीप हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया और झुंड के सड़क से नहीं हटने पर देखते ही देखते दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।

मौके पर वन कर्मियों के साथ पहुंचे डिप्टी रेंजर इंदर लाल ने बताया कि 10 हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया था। इस झुंड में छोटे हाथी के बच्चे भी शामिल थे, जिसके कारण हाथियों की गतिविधि को देखते हुए लोगों में डर का माहौल बन गया था।

डिप्टी रेंजर ने बताया कि सूचना मिलते ही हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को रोक दिया। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर रामनगर के नए बाईपास पुल के पास वाहनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, ताकि हाथियों को बिना किसी बाधा के सुरक्षित जंगल की ओर जाने दिया जा सके।

उन्होंने बताया कि हाथी जब अपने बच्चों के साथ होते है तो आक्रामक भी हो जाते है, ऐसे में टीम ने बेहद सावधानी के साथ स्थिति को नियंत्रित किया, वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर निगरानी करते हुए हाथियों के जंगल की ओर बढ़ने का इंतजार किया और बाद में हल्की आवाज और लाइट की मदद से उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित