रामनगर,02फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने करीब तीन साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की है,मामला रामनगर कोतवाली क्षेत्र का है।
रामनगर के मोहल्ला खताड़ी निवासी हैदर अली ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसके ही क्षेत्र में रहने वाले अयूब अंसारी और उत्तर प्रदेश के ठाकुरद्वारा निवासी अतिकुर रहमान तथा वर्क अंसारी ने उसे विदेश भेजने का झांसा देकर धोखाधड़ी की,आरोप है कि तीनों ने मिलकर उससे कुल एक लाख 33 हजार रुपये की ठगी की।
कोर्ट के आदेश पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था,पुलिस ने पहले ही आरोपी अयूब अंसारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया था, जबकि अतिकुर रहमान घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था,मामले की विवेचना कोतवाली के उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा को सौंपी गई थी,उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी गई, लेकिन हर बार आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था, इस दौरान कोर्ट द्वारा आरोपी के खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था, इसके बावजूद वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहा,बीते दिवस पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा की टीम ने आरोपी अतिकुर रहमान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई के तहत कोर्ट में पेश किया गया है।
वृत अधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि आरोपी अतिकुर रहमान करीब तीन साल से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को सफलता मिली है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित