रामनगर,22दिसंबर (वार्ता) उत्तराखंड के तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर में अवैध खनन और वन संपदा के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। दिनांक 22 दिसंबर को प्रभागीय वनाधिकारी तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के निर्देशन में उप प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर, वन क्षेत्राधिकारी रामनगर एवं प्रशिक्षु वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में वन सुरक्षा बल टीम और रामनगर रेंज स्टाफ द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाबा घाट, मानकी घाट, प्रधान घाट, सत्ता घाट सहित बंजारी प्रथम व बंजारी द्वितीय नदी क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान बिना वैध प्रपत्रों के एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक डंपर पकड़ा गया। डंपर पर कोई पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। दोनों वाहनों को वन अभिरक्षा में लेकर गुलजारपुर चौकी परिसर में खड़ा किया गया।

इसके अलावा, सत्ता घाट पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा बंजारी नदी क्षेत्र में एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उप प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ने मौके पर ही वन क्षेत्राधिकारी रामनगर को निर्देश दिए कि दोनों छोड़ी गई ट्रॉलियों को सुरक्षित रूप से गुलजारपुर चौकी परिसर में खड़ा कराया जाए।

फ्लैग मार्च के उपरांत वापसी के दौरान रामनगर रेंज के ग्राम उदयपुरी क्षेत्र में एक छोटा हाथी वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन में आम सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ी (सोख्ता) का परिवहन किया जा रहा था। चालक द्वारा कोई वैध अभिवहन प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके चलते वाहन को लकड़ी सहित वन अभिरक्षा में लेकर कार्यशाला (वर्कशॉप) परिसर में सुरक्षित खड़ा किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित