रामनगर,22मार्च(वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर कोतवाली पुलिस ने रविवार सुबह चेकिंग के दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार को रोककर कार सवार को हिरासत में लेते हुए 317 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया कि रविवार की सुबह रामनगर के मालधन चौड़ पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार पुलिस कर्मियों के साथ रामनगर हल्द्वानी मार्ग के चेकिंग कर रहे थे इसी बीच में हल्द्वानी की तरफ से यूपी नंबर की एक कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार चालक कार को भागने लगा जिस पर पुलिस को शक हुआ और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस कार को रोक कर उसमें सवार नई बस्ती मोहल्ला गूलरघटटी रामनगर निवासी राजसागर को हिरासत में लेते हुए उक्त वाहन की तलाशी लेते हुए कार से 317 ग्राम अवैध चरस बरामद की।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत ही रामनगर कोतवाली पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, उन्होंने बताया कि अवैध चरस के साथ गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की गई है, तथा उन्होंने कहा कि अवैध नशे के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित