रामनगर , दिसंबर 03 -- उत्तराखंड के रामनगर में मंगलवार देर शाम ग्राम जस्सागांजा क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पत्नी से हुए विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का महौल है जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय राम सिंह ने अपने घर के पंखे में फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व राम सिंह का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया था जिसके बाद उसकी पत्नी मायकेचली गई थी।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम राम सिंह ने पत्नी से बात करने के लिए फोन किया लेकिन पत्नी ने फोन नहीं उठाया। इसी बात से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित