रामनगर , अप्रैल 09 -- उत्तराखंड में गुरुवार को रामनगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक बार फिर से प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने स्टेशनरी एवं बुक सेलर्स की दुकानों और निजी स्कूल में छापे मारे।
प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पीरुमदारा स्थित हिम्मतपुर ब्लॉक में ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल में भी छापा मारा जिससे अभिभावकों की जेब पर मनमर्जी तरीके से डाका डालने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गोपाल सिंह चौहान एवं खंड शिक्षा अधिकारी हवलदार सिंह इस अभियान में स्वयं मौजूद रहे।
एसडीएम चौहान ने कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर रामनगर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 10 स्टेशनरी विक्रेता एवं बुक सेलर्स की दुकानों पर औचक छापा मार कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया की कार्रवाई के दौरान इन दुकानों पर कई निजी स्कूलों की पर्चियां बुक खरीदने के लिए अभिभावकों को दी गई थी जिसके प्रमाण मौके पर मौजूद कई अभिभावकों द्वारा देते हुए बताया गया की स्कूल संचालकों द्वारा रामनगर एवं ग्रामीण इलाकों में स्थित कुछ दुकानों से ही बुक खरीदने के लिए उन पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जो कि पूरी तरह गैरकानूनी है। इसके साथ ही टीम को पीरुमदारा स्थित हिम्मतपुर ब्लॉक में ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल की शिकायत मिली थी कि स्कूल संचालक द्वारा एनसीआरटी की पुस्तकों को बाजार से बच्चों को खरीदने के लिए कहा जा रहा है लेकिन प्राइवेट पुस्तकें स्कूल संचालक द्वारा स्कूल से ही दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी स्कूल संचालक अभिभावकों एवं बच्चों पर निर्धारित दुकान से पुस्तकें खरीदने का दबाव नहीं बना सकते और न ही कोई स्कूल संचालक अपने संस्थान से पुस्तक बेच सकता है।
एसडीएम ने कहा कि इस संबंध में यदि कोई अभिभावक शिकायत करना चाहे तो वह उनसे शिकायत कर सकता है तथा अभिभावक का नाम गोपनीय रखा जाएगा ,इसके अलावा उन्होंने बताया कि स्कूल संचालक निर्धारित फीस से अधिक फीस एवं एडमिशन फीस के नाम पर बच्चों से दोबारा फीस लेते हैं तो यह भी नियम के विरुद्ध है ऐसी शिकायत मिलने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज की जो कार्रवाई टीम द्वारा की गई है उसकी रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल एवं जिलाधिकारी को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है तथा नोटिस भेजने की कार्रवाई भी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित