रामनगर,23फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशों के अनुपालन में तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजू नाथ टीसी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोककर जांच की,जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान अभियुक्त विशाल सिंह पुत्र कुलवीर सिंह, निवासी ग्राम थारी रामनगर के कब्जे से कुल 9.846 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसे वह परिवहन कर रहा था। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह अवैध गांजा अशोक त्यागी निवासी गुलरघट्टी से लाया था। इस आधार पर पुलिस ने अशोक त्यागी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत वांछित कर दिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित