रामनगर , दिसंबर 18 -- उत्तराखंड के रामनगर में एमपी इंटर कॉलेज के लिए यह गर्व का क्षण है, जब विद्यालय के दो होनहार छात्र-छात्राओं का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत आयोजित 69वीं राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है, जो इस वर्ष अल्मोड़ा में आयोजित की गई थी।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी हेम चन्द्र पाण्डे ने जानकारी देते हुए गुरुवार को कहा कि कक्षा 8 में अध्ययनरत छात्रा कृतिका नेगी का चयन यू-14 बालिका वर्ग में हुआ है। कृतिका 19 से 23 दिसंबर तक मध्य प्रदेश के शहदोल में आयोजित राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं कक्षा 7 के छात्र आयुष रावत का चयन यू-14 बालक वर्ग में हुआ है। आयुष 23 से 28 दिसंबर तक जबलपुर (मध्य प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

राज्य स्तर पर अल्मोड़ा में हुए मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए सुनिश्चित हुआ। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि विद्यालय में उपलब्ध खेल वातावरण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को भी दर्शाती है।

इस सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। खेल अध्यापक प्रकाश रावत ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से वे राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय के प्रबंधक विनय जिंदल और प्रधानाचार्य संजीव शर्मा ने इसे एमपी इंटर कॉलेज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित