रायबरेली , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में रामचंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक संविदा सफाईकर्मी की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान बाबूगंज मजरा मटरैली गांव निवासी मनोज वाल्मीकि (50) के रूप में हुई है। वह ऊंचाहार नगर पंचायत में संविदा सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि उसकी पत्नी का करीब सात-आठ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। मृतक के चार बच्चे हैं।
परिजनों के मुताबिक मनोज देर रात घर से निकला था। अनुमान लगाया जा रहा है कि रात करीब दो से ढाई बजे के बीच रामचंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास यह हादसा हुआ। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह बरेली एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला रेल दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित