रामगढ़ , अप्रैल 24 -- झारखंड के रामगढ़ जिला के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में मंगलवार को हुई सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए आज एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस मामले में 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में लूटे गए सोना-चांदी के जेवरात, हथियार एवं वाहन बरामद किए गए हैं। ज्ञातव्य है कि मंगलवार को अपराह्न करीब 3:40 बजे एनएच-23 स्थित ज्वैलरी दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों के जेवरात लूट लिए थे। इस संबंध में दुकान संचालक विष्णु प्रसाद के फर्दबयान पर रजरप्पा थाना कांड संख्या-48/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दुकानदार और स्थानीय लोगों ने घटना में शामिल दो लोगों को पकड़ा लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ चंदन वत्स कर रहे थे। तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामगढ़, रांची, पलामू, लातेहार तथा नालंदा में ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को दबोचा।
जांच में सामने आया कि गिरोह के तार झारखंड से लेकर बिहार तक फैले हुए थे और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया था। छापेमारी के दौरान नालंदा (बिहार) से मनीष कुमार, रीना देवी और चंद्रावती देवी को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से लूटे गए जेवरात और एक अर्टिगा कार बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं पलामू से दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बाइक, कपड़े एवं जेवरात जब्त किए गए। गिरफ्तार अपराधियों में सुभानी अंसारी उर्फ ललका (मांडू), मनीष कुमार, रीना देवी, चंद्रावती देवी (नालंदा), आनंद कुमार, अरबाज अंसारी एवं नसरूल्ला अंसारी उर्फ राजा (रांची) शामिल है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, एक अर्टिगा वाहन, मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किया है।
एसपी ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड सुभानी अंसारी उर्फ ललका का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में सक्रिय रहकर ज्वैलरी दुकानों को निशाना बनाता था। एसपी ने बताया कि कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस पूरे ऑपरेशन में रामगढ़ जिला पुलिस के साथ अन्य जिलों की पुलिस एवं तकनीकी शाखा की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित