जयपुर , जनवरी 19 -- राजस्थान में कोटा जिले के रामगंजमंडी में 23 से 25 जनवरी तक आयोजित श्री बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की श्री राम कथा में संत एवं योग गुरु बाबा रामदेव सहित कई प्रमुख संत और प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा उपमुख्यमंत्री डाॅ प्रेम चंद बैरवा सहित एक दर्जन से अधिक मंत्री शामिल होंगे।
इस कथा में साध्वी ऋतंभरा, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के स्वामी चिदानंद महाराज, राम स्नेही संप्रदाय शाहपुरा पीठ भीलवाड़ा के जगतगुरु स्वामी रामदयाल महाराज, भानपुरा पीठ मध्य प्रदेश के जगद्गुरू शंकराचार्य ज्ञानानंद सहित कई संत भाग लेंगे।
राज्य के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की प्रेरणा से रामगंज मंडी में आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय राम कथा के लिए रामगंज मंडीनगर और आसपास के क्षेत्र को भगवा झंडों- पताकाओं से सजाया जा रहा है। जगह-जगह स्वागत द्वार और तोरण द्वार लगाये जा रहे हैं, ताकि कथा सुनने के लिए बाहर से आने वाले लोगों को श्री रामगंजमंडी श्री राम की पवन नगरी अयोध्या के सामान नजर आये।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार डाॅ बैरवा 24 या 25 जनवरी को कथा में शामिल होंगे। चौबीस जनवरी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, वन मंत्री संजय शर्मा तथा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म राम कथा में शामिल होंगे जबकि राजस्व मंत्री हेमंत मीणा 23 जनवरी को कथा में भाग लेंगे।
खेल युवा एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, नगरीय निकाय एवं स्वायत शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, सहकारिता मंत्री गौतम दक, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू वाघमार, राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी सहित एक दर्जन से अधिक मंत्री राम कथा में शामिल होंगे।
श्री राम कथा गौ माता महोत्सव से पहले 22 जनवरी को दोपहर एक बजे रामगंज मंडी में विशाल कलश यात्रा निकाली जायेगी, जिसमें 21 हजार महिलाएं सर पर कलश लेकर चलेंगी। श्री दिलावर ने कलश यात्रा संचालन समिति बैठक लेकर कलश यात्रा आयोजन के लिए दिशा-निर्देश दिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित