कोटा , जनवरी 23 -- राजस्थान में कोटा जिले के रामगंजमंडी में शुक्रवार को शुरु हुई बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री की श्री राम कथा में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा जिसमें राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे भी शामिल हुए।

इस तीन दिवसीय रामकथा में न केवल राजस्थान बल्कि निकटवर्ती राज्य मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा प्रारंभ होने का समय ढाई बजे निर्धारित था और दोपहर 12 बजे से ही कथा स्थल की ओर जाने वाले सभी मार्गो में वाहनों का रेला उमड़ पड़ा और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पंडाल भी खचाखच भर गया और कहीं भी कोई जगह खाली नजर नहीं आ रही थी। राम कथा के लिए श्री धीरेन्द्र शास्त्री खुले वाहन में सवार होकर कथा स्थल पर पहुंचने पर लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और बागेश्वर धाम सरकार की जयकारों से आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का अभिनंदन किया।

रामकथा शुरु करने से पहले आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने गाय और बछड़े का पूजन किया तथा उसे गो ग्रास और हरा चारा खिलाया और इसके बाद उन्होंने 20 वाल्मीकि समाज के लोगों से मुलाकात की और उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर श्री बागडे ने आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि आचार्य विश्व के सनातन हिंदुओं को एकजुट करने में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को एक होना होगा। तभी देश और समाज शक्तिशाली बनेगा और दुनिया में अपनी पहचान कायम करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित