भोपाल , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नौरादेही स्थित रानी दुर्गावती अभयारण्य चीतों का तीसरा घर बनने जा रहा है और जल्द ही वहां भी चीते छोड़े जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में चीते तेजी से बढ़ रहे हैं और हाल ही में पांच नए शावकों के जन्म से उनका परिवार और समृद्ध हुआ है। राज्य सरकार लगभग दो महीने बाद नौरादेही में भी चीते छोड़ने की तैयारी कर रही है, जिससे प्रदेश में चीतों के तीन प्रमुख आवास बन जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि टीम ने पूरे विश्व में देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 20 देशों और 55 मैचों के बीच भारत का विजेता बनना खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प और पराक्रम का परिणाम है।
उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग 2026 की परीक्षा में मध्यप्रदेश के दो अभ्यर्थियों के शीर्ष दस में स्थान प्राप्त करने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि प्रदेश के कई विद्यार्थियों का आईएएस, आईपीएस और अन्य सेवाओं में चयन प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने सराहा है। प्रदेश में जल संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी से बड़ी संख्या में जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है और 19 मार्च 2026 से अभियान का नया चरण शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संपदा 2.0 प्रणाली के माध्यम से दस्तावेजों के डिजिटल पंजीयन की व्यवस्था लागू की गई है और इस प्रकार की पूर्णत: पेपरलेस ई-पंजीयन व्यवस्था लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय लिया है तथा उड़द की खरीद पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है।
उन्होंने बताया कि पचमढ़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्रीन डेस्टिनेशन के रूप में प्रमाणन प्राप्त हुआ है और इसे देश के सर्वश्रेष्ठ पर्यावरणीय मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने खाड़ी देशों में मौजूद परिस्थितियों को देखते हुए वहां रह रहे मध्यप्रदेश के लोगों की सहायता के लिए नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन और भोपाल के वल्लभ भवन में 24 घंटे हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित