बैतूल , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के रानीपुर ग्राम पंचायत में इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में बंदरों के झुंड द्वारा दुकानों पर धावा बोलने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान के साथ सुरक्षा का भी खतरा महसूस हो रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि उन्हें दुकान संचालन के दौरान डंडा और गुलेल का सहारा लेना पड़ रहा है। दुकानदारों के अनुसार जैसे ही वे ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त होते हैं, बंदर अचानक दुकान में घुसकर खाद्य सामग्री उठा ले जाते हैं। बंदर विशेष रूप से बिस्किट, नमकीन, समोसे और फल जैसी वस्तुओं को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस कारण न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि ग्राहकों के सामने असहज स्थिति भी बन रही है। कई बार बंदरों की हरकतों से दुकानों में अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है।
इस समस्या का असर बच्चों की सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल जाने वाले बच्चे अब अकेले निकलने से डरने लगे हैं और कई बच्चे अपने साथ डंडा या पत्थर लेकर चलते हैं। अभिभावकों ने बताया कि बंदर कई बार बच्चों के हाथों से खाने-पीने की चीजें छीनने का प्रयास करते हैं, जिससे उनके घायल होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई गंभीर घटना हो सकती है।नप्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि समस्या की जानकारी मिली है और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित