बैतूल , फरवरी 3 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध जुए और सट्टे पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम छुरी में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने ताश पत्तों से जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में की गई। 2 फरवरी को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम छुरी में कुछ लोग हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में संतोष यादव, चंद्रपाल यादव (31), दीपक मर्सकोले, भूरे सिंह भलावी (48) और अनिल अमरसे (40) शामिल हैं। सभी आरोपी पाढ़रा गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ताश की गड्डी और 2400 रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आम्रपाली डाहट, सहायक उप निरीक्षक रमेश धुर्वे एवं अवधेश वर्मा, प्रधान आरक्षक जाकिर खान, आरक्षक गौरव साहू और महिला आरक्षक प्रीति भारती सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित