मुंबई , दिसंबर 29 -- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों में सभी व्यक्तिगत हितों को दरकिनार कर पूरी लगन से काम करने की अपील की।

श्री ठाकरे ने मुंबई में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुंबई को बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह नागरिक चुनाव एक महत्वपूर्ण और संभवतः अंतिम अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस बात की चिंता न करें कि पार्टी को कितनी सीटें मिली हैं या उन्हें खुद उम्मीदवारी दी गई है या नहीं, बल्कि पूरे मन से चुनाव अभियान पर ध्यान केंद्रित करें।

उल्लेखनीय है कि नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कुछ ही घंटे बचे हैं और मनसे ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की सार्वजनिक रूप से घोषणा नहीं की है। चुने गए लोगों को व्यक्तिगत रूप से बुलाया जा रहा है और उन्हें नामांकन दाखिल करने के निर्देशों के साथ एबी फॉर्म दिए जा रहे हैं।

श्री ठाकरे ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी को किसी भी कीमत पर मुंबई जीतनी होगी। उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और चुनावी मशीनरी की ताकत पर "मुंबई को निगलने" की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि इस प्रयास को विफल करना और शहर की रक्षा करना मनसे कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

श्री ठाकरे ने लंबे समय तक सत्ता से बाहर रहने के बावजूद दावा किया कि मनसे का प्रभाव और जनता का उनपर विश्वास अभी भी मजबूत है। उन्होंने कहा कि कई नेता डर के मारे भाजपा में शामिल हो रहे हैं, लेकिन पाला बदलने के बाद भी "उनके ऊपर तलवार लटकी हुई है।"श्री ठाकरे ने गठबंधन में अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता कम सीटों पर नाराजगी न रखें। उन्होंने कहा कि सत्ता की राजनीति से ज्यादा मुंबई और मराठी लोगों के हित महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने मनसे कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि शहर की रक्षा के लिये नयी ऊर्जा के साथ काम करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित