भागलपुर, फरवरी 04 -- बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार पंचायत स्तर पर विकास का सीधा लाभ ग्रामीण जनता को मुहैय्या कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्री प्रकाश ने आज यहां विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि पंचायती राज व्यवस्था से जुड़ी सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार घोषणाओं को ज़मीन पर उतरने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिये गये हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला परिषदों की खाली जमीन के समुचित और प्रभावी उपयोग की योजना पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। जिससे पंचायत स्तर पर विकास कार्य को नई गति मिल सके। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारी शुरु कर दी गई है।

पंचायती राज मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के अंतर्गत भागलपुर जिले के 21 पंचायतों में विवाह मंडप के निर्माण के लिए विभागीय स्वीकृति मिल चुकी है। जबकि 45 पंचायतों में जमीन चिह्नित कर ली गई है और वहां पर मंडप का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शेष बचे पंचायतों में भी शीघ्र जमीन चिह्नित करने के लिए जिला भू-अर्जन विभाग को कहा गया है।

श्री प्रकाश ने कहा कि इसी तरह से जिले के कुल 238 पंचायतों में से अब तक 70 पंचायतों में सरकारी पंचायत भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें से 56 पंचायत भवन का निर्माण चल रहा है और शेष बचे पंचायतों में सरकारी भवन के निर्माण कार्य आरंभ करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित जगहों पर पंचायत भवन बन जाने से ग्रामीण जनता को काफी सुविधा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित