जयपुर , फरवरी 16 -- राजस्थान के सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लगातार बढ़ाया गया है तथा राज्य सरकार निरंतर बढ़े हुए मूल्य पर कृषि जिन्सों की खरीद कर रही है।

श्री दक प्रश्नकाल में विधायक सुरेश गुर्जर के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज को एमएसपी पर निश्चित समयावधी में खरीदने के लिए पंजीयन की तिथि तथा अन्य आवश्यक कार्यों को भी समय से पूर्व ही पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में गेंहू के समर्थन मूल्य पर प्रति क्विंटल 150 रुपये का बोनस प्रदान कर किसानों को लाभान्वित कियाजा रहा है। वर्ष 2022-23 की तुलना में वर्तमान राज्य सरकार ने गेंहू की दुगनी खरीद की है। सहकारिता मंत्री ने बताया कि विगत सरकार के कार्यकाल में किसानों से मात्र एक लाख 74 हजार 600 टन मूंगफली की खरीद की गई। वहीं, वर्तमान राज्य सरकार ने सिर्फ दो वर्षों में ही सात लाख 94 हजार टन (पांच गुना) अधिक मूंगफली खरीद कर 2 लाख 30 हजार किसानों को लाभान्वित किया है।

श्री दक ने कहा कि फसलों का बाजार भाव साल भर एक जैसा नहीं रहता है। बाजार भाव जिन्सों के उत्पादन की मात्रा, गुणवत्ता, क्षेत्र एवं मांग के अनुसार बदलता रहता है। श्री दक ने स्पष्ट किया कि एमएसपी पर कृषि जिंस का विक्रय करना किसानों के लिए बाध्यकारी नहीं है। फसल का बाजार भाव अधिकहोने पर स्वाभाविक रूप से एमएसपी पर खरीद कम हो जाती है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में फसलों के एमएसपी में निरंतर बढ़ोतरी की गई है और वर्ष 2014 में मूंग का समर्थन मूल्य 4500 रुपए प्रति क्विंटल था वह वर्तमान में 8700 रुपये प्रति क्विंटल है वहीं उड़द 4300 रुपये से बढ़ाकर के 7800 रुपये, सोयाबीन 2500 रुपये से बढ़ाकर 5300 रुपये, चना 3100 रुपये से बढ़ाकर 5875 रुपये तथा सरसों की एमएसपी को 3000 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 6200 रुपये प्रति क्विंटलकिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित