पंतनगर , मार्च 14 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा है कि राज्य बजट में कृषि और कृषकों के लिए विशेष प्रावधान किए गए है।
श्री धामी आज देश में हरित क्रांति के जनक एवं पंतनगर स्थित प्रसिद्ध गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कल ही बजट सत्र में एक लाख ग्यारह हजार करोड़ का बजट पारित किया है जिसमें कृषि, उद्यान, एरोमैटिक, मत्स्य, मौन पालन, कृषि शोध के लिए विशेष प्रावधान किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और उन्हीं की मेहनत और समर्पण से देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत की संकल्पना में किसान भाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि की 22 वीं किस्त किसानों के खातों में डाली है।
प्रदेश में भी नौ लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि को जंगली जानवरों से बचाने के लिए केन्द्र सरकार ने हमें प्रथम किस्त के रूप में 25 करोड़ की धनराशि जारी की है। प्रदेश में भौगौलिक परिस्थितियों के अनुकूल योजनाएं बनाई की जा रही हैं।
उन्होंने कहा 1200 करोड़ के लागत से नई सेब नीति लागू की गई है। कृषकों के हित में नई नीतियां लागू की गई हैं तथा कई योजनाओं में 80 प्रतिशत तक राज सहायता दी जा रही है। प्रदेश में 07 एरोमा वैली विकसित किये जा रहे हैं। ड्रेगन फ्रूट की मांग बढ़ रही है इसलिए ड्रेगन फ्रूट को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रदेश में फलों के उत्पादन में ढाई प्रतिशत की वृद्धि हुई है तथा मसरूम का उत्पादन 27 हजार मीट्रिक टन हो गया है। मशरूम उत्पादन में हम देश में पांचवें स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में मौन पालन की अपार संभावनाएं हैं और राज्य में 33 सौ मीट्रिक टन शहद उत्पादन हो रहा है और हम देश में 8वें स्थान पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा है और सरकार कृषकों का कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगी। उन्होंने कृषकों से नई कृषि तकनीक का लाभ उठाने की अपील की।
विश्वविद्यालय के कुलपति डा0 मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगे हैं। प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग मेले में प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों, क्रियाकलापों की विस्तृत जानकारियां दी।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलक राज बेहड, मेयर विकास शर्मा समेत अनेक गणमान्य नागरिक और किसान बंधु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित