जयपर , दिसम्बर 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरा कर लिए और इस दौरान उसने आपणो अग्रणी राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमवार को श्री शर्मा सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में जाकर गौसेवा करेंगे। इसके पश्चात वे सांगानेर क्षेत्र में ही आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।

श्री शर्मा राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) परिसर में आयोजित आरोग्य कैम्प एवं रक्तदान शिविर में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में सौगात देते हुए चिकित्सा संस्थानों में आउटसोर्स मोड पर 22 मदर लैब एवं 800 स्पोक्स का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वह एक हजार दिव्यांगों को विभिन्न सहायक उपकरणों का भी वितरण करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में नेत्र जांच शिविर का भी शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर में जवाहर कला केन्द्र में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। सूचना और जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित