बूंदी , अप्रैल 11 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हर गांव-हर घर तक विकास की किरण पहुंचना और हर व्यक्ति को उसका हक मिलना राज्य सरकार का संकल्प बताते हुए कहा है कि डबल इंजन सरकार राजस्थान में सभी वर्गों के विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से काम कर रही है और सभी दौ सौ विधानसभा क्षेत्रों को विकास के लिए पर्याप्त बजट भी दिया है।

श्री शर्मा शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर बूंदी के हिण्डोली में विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक समानता के लक्ष्य को लेकर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने शिक्षा की अलख जगाई और सबसे पहले अपनी पत्नी सावित्री बाई फुले को शिक्षित बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगले एक वर्ष तक महात्मा ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी जयंती मनाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि बांदीकुई की धरती से प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में 'सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी' की स्थापना एवं समस्त जिलों में 'महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय' स्थापित करने की घोषणा की गई है। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले के सामाजिक सुधार के कार्यों से प्रेरणा लेकर देश-प्रदेश के उत्थान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जरुतमंद परिवारों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि की है। वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से लगभग नौ लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। इससे निजी क्षेत्र में युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार के लिए युवा नीति एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करवा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक केन्द्रों के उत्थान का काम हो रहा है। अयोध्या में भगवान श्री रामलला का भव्य मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर एवं उज्जैन महाकाल महालोक के निर्माण का कार्य प्रमुखता से हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से देश व प्रदेश का तेज गति से विकास हो रहा है। वर्ष 2014 के बाद सभी ने गरीब कल्याण की योजनाएं, आतंकवाद-नक्सलवाद का खात्मा और दुनिया में बढ़ता भारत का गौरव देखा है।

उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, किसान और महिला वर्ग को विकास के केन्द्र में रखकर श्री मोदी निरंतर काम कर रहे हैं। शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं से महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इसी प्रकार किसानों को सम्मान निधि और आमजन को आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में बिजली, पानी एवं रोजगार का रोडमैप बनाया। इसके तहत रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर एवं गंगनहर का सुदृढ़ीकरण, देवास परियोजना का विस्तार, सोम-कमला-अंबा एवं ब्राह्मणी नदी से संबंधित परियोजनाओं को साकार करने का काम कर रहे हैं। साथ ही, 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जेजेएम घोटाले ने हर घर नल से जल जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर बनाया।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गत सरकार में पेपरलीक ने युवाओं के सपनों पर कुठाराघात किया लेकिन हमारी सरकार ने इसमें लिप्त लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने का काम किया है। इसी का परिणाम है कि हमारे कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। अब तक युवाओं को 1.25 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। इसी प्रकार 1.35 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वहीं, 1.25 लाख से अधिक पदों पर भर्तियों का कैलेण्डर जारी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित