नयी दिल्ली , दिसंबर 05 -- विमान सेवा कंपनी इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी का मामला शुक्रवार को राज्य सभा में उठाया गया और इस पर नागरिक उड्डयन मंत्री से जवाब देने की मांग की गयी।

कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने यह मामला उठाते हुए कहा कि इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू को सदन में आकर बताना चाहिए कि इस समस्या का समाधान कब तक होगा। उन्होंने कहा कि एक एयरलाइंस का एकाधिकार होने की वजह से यह समस्या पैदा हो रही है।

उन्होंने कहा कि इंडिगो की 500 से ज्यादा उड़ानें बुधवार और गुरुवार भी रद्द हुईं। उन्होंने कहा कि यह सदन के औचित्य का भी मामला है। आज शुक्रवार को कई सांसद अपने क्षेत्रों में जाना चाहेंगे, कई लोगों ने अपने कार्यक्रम निर्धारित कर रखे हैं। उन्हें सोमवार-मंगलवार को लौटना है।

उन्होंने कहा कि संबंधित मंत्री जिन्होंने उड़ान के संबंध में नियम बनाये हैं, जिनकी वजह से समस्या हो रही है, उन्हें सदन में ये बताना चाहिए कि समस्या का समाधान कब तक हो जायेगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों में इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द हुई हैं, जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित