पटना , दिसंबर 18 -- बिहार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण किया और इस अवसर पर उन्होंने राज्य में सड़क और आधारभूत संरचनाओं के तेजी से हो रहे विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सड़क नेटवर्क और बुनियादी ढांचे का व्यापक विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह जहां भी रहे हैं, प्रतिबद्धता और ईमानदारी से काम करते रहे और इस विभाग में भी लक्ष्य प्राप्त करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि उनके विभाग में किसी भी स्तर पर कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा।

उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान जनता से किये गये वादों के अनुरूप 15 दिनों के भीतर कैबिनेट की बैठक बुलाकर विकासात्मक योजनाओं को स्वीकृति दे दी है, जो सरकार की कार्यशैली और प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

श्री जायसवाल ने बताया कि बिहार में राष्ट्रीय उच्च पथ के अंतर्गत लगभग 26 हजार, 790 किलोमीटर सड़कों का नेटवर्क है, जिसमें करीब 200 किलोमीटर सिक्स लेन और लगभग 1,600 किलोमीटर फोर लेन सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा कई मार्गों को चार लेन में परिवर्तित करने का कार्य प्रगति पर है, जबकि अनेक ग्रीन फील्ड परियोजनाओं का क्रियान्वयन भी तेजी से किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनायें संचालित हो रही हैं, जिनमें गंगा नदी पर पुल निर्माण की योजनायें भी शामिल हैं। आवागमन को और अधिक सुगम बनाने के लिये कई एक्सप्रेस- वे का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिये मजबूत आधारभूत संरचनाओं की आवश्यकता है, जिसमें सड़कों की भूमिका सबसे अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में रेल, सड़क, हवाई अड्डे समेत अन्य बुनियादी ढांचों का लगातार विकास हो रहा है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है।

इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, अभियंता प्रमुख समेत विभाग के अन्य वरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित