पटना, मार्च 17 -- बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने मंगलवार को कहा कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है।
मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने आज खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग विभाग में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। यह नियंत्रण कक्ष राज्य में एलपीजी (घरेलू गैस) आपूर्ति से संबंधित उत्पन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के लिये स्थापित किया गया है।
मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि भ्रामक एवं अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे विभाग द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष एवं जिलों में स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर संपर्क करें।
मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा एवं शिकायतों के शीघ्र निवारण के उद्देश्य से विभाग द्वारा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 0612-2233050 है। उन्होंने बताया कि यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक कार्यरत रहेगा। उन्होंने कहा कि आज से इस नंबर पर पांच हंटिंग लाइन की सुविधा भी प्रारंभ कर दी गई है, जिससे अधिक संख्या में उपभोक्ताओं की कॉल का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित