देहरादून , मार्च 28 -- वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के उपरान्त उत्पन्न परिस्थितियों के परिणाम स्वरूप गैस एवं ईंधन की नियमित आपूर्ति एवं सम्भावित कठिनाई के समाधान के सम्बन्ध में शनिवार को उत्तराखंड के मुख्य सचिव, आनन्द बर्द्धन ने समस्त प्रमुख सचिव, सचिव, पुलिस महानिदेशक, मण्डल आयुक्त, समस्त जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी तथा ऑयल कम्पनी के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में घरेलू गैस की आपूर्ति के समबन्ध में ऑयल कम्पनी के नोडल अधिकारी एलपीजी स्वर्ण सिंह ने बताया कि घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य है। अस्पताल एवं शैक्षणिक संस्थाओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। सचिव, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा भी अवगत कराया गया कि स्थिति सामान्य है। सभी जिलाधिकारियों ने भी कहा कि उनके जनपदोें में घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य है। किन्तु व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति अपेक्षाकृत कम हो रहा है। सभी के द्वारा व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति बढाये जाने की मांग की गयी।
मुख्य सचिव ने ऑयल कम्पनियों के अधिकारियों को शासन द्वारा जारी 40 प्रतिशत नयी एस0ओ0पी0 के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। आईओसीएल के राज्य स्तरीय समन्वयक, ने अवगत कराया कि डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति एवं स्टाॅक सामान्य है। कोई समस्या नहीं है। जिलाधिकारियों द्वारा भी अवगत कराया गया कि जनपदों में डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और कोई समस्या नहीं है। अपर सचिव, कृषि ने अवगत कराया कि उर्वरक की कोई कमी नही है। उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
बैठक में मुख्य सचिव, श्री बर्द्धन ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि उर्वरक को निर्धारित सीमा के अन्तर्गत ही वितरण सुनिश्चित किया जाये। किसी भी दशा में दुरूपयोग न होने पाये। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा के दौरान एलपीजी की उपलब्धता एवं आपूर्ति के सम्बन्ध मंे विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी, रूद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी द्वारा अवगत कराया गया कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा प्रारम्भ हो रही है। जिसके लिए व्यावसायिक गैस सिलण्डरों की अतिरिक्त मांग होगी।
इस पर मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा को एलपीजी एवं व्यावसायिक गैस की अतिरिक्त मांग भारत सरकार को प्रेषित की जाये। साथ ही ऑयल कम्पनियों को निर्देश दिये गये कि चारधाम यात्रा मार्ग पर व्यावसायिक गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति विगत वर्ष के मांग के अतिरिक्त करवाना सुनिश्चित करेंगे। चारधाम यात्रा में गैस की मांग के सम्बन्ध में सचिव, पर्यटन को निर्देश दिये गये कि सम्बन्धित जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुये वास्तविक मांग एवं समाधान के सम्बन्ध में प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित