मधुबनी , जनवरी 27 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य में एक नये एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार आज मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखण्ड के अररिया संग्राम स्थित दुर्गा मंदिर के निकट आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक नये एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि मधुबनी जिले में विकास के सभी काम करा दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आई.टी.आई एवं सभी अनुमंडलों में आई.टी.आई की स्थापना की गयी है। झंझारपुर में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की गयी है। जी.एन.एम एवं पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना की गयी। मधुबनी जिले में कर्पूरी छात्रावास एवं तीन आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। कई पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है। मधुबनी से सुपौल होते हुए सहरसा जानीवाली सड़क का निर्माण कराया गया है। कमला नदी पर सड़क सह रेल पुल का पुनर्निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि मधुबनी जिले में बाढ़ से बचाव के लिए कमला बालान एवं कोसी नदी के तटबंधों जीर्णोद्धार एवं पक्कीकरण किया जा रहा है।

श्री कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी, फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए मधुबनी जिले की सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी, जिन पर काम चल रहा है, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कमला नदी को पुरानी कमला एवं जीवछ नदी से जोड़ा जा रहा है। मिथिला हाट का और विस्तारीकरण किया जा रहा है। मधुबनी में नये बस अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है। मधुबनी रिंग रोड का निर्माण कराया जा रहा है। फुलहर स्थान को पर्यटक स्थल के रुप में विकसित किया जा रहा है। लौकही में औद्योगिक क्षेत्र बनाया जा रहा है। पश्चिमी कोसी नहर का विस्तारीकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच में मधुबनी जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की सात लाख 42 हजार महिलाओं को 10 हजार रूपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। इन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए 2 लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। मधुबनी जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के एक हजार 124 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 399 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोला जायेगा। सभी 21 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा मधुबनी सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा। मधुबनी जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित