प्रतापगढ़ , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने शुक्रवार को प्रतापगढ़ के विकास भवन सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायतों के साथ उपस्थित हुईं और आयोग के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 20 महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। प्रतिभा कुशवाहा ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने लंबित मामलों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें जागरूक और निर्भीक होकर अपनी समस्याएं सामने रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना है।

इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ वितरित किया गया। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को लैपटॉप तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के पांच लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित