पटना , मई 11 -- जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने सोमवार को कहा कि राज्य को बाढ़ से सुरक्षित रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्री सिंह ने आज सिंचाई भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जल संसाधन विभाग के सचिव के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. सिंह ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य को बाढ़ से सुरक्षित रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिये कि मॉनसून अवधि प्रारंभ होने से पूर्व सभी बाढ़ संघर्षात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं तथा तटबंधों का नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

डॉ. सिंह ने कहा कि वे स्वयं बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र से किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।उन्होंने निर्देश दिये कि सभी अधिकारी एवं कर्मी समय पर कार्यालय पहुँचें, किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें तथा टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित