पटना , दिसंबर 16 -- अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव मो. सोहैल ने मंगलवार को कहा कि राज्य कोचिंग योजना एवं श्रमशक्ति योजना के माध्यम से शिक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
मो. सोहैल की अध्यक्षता में आज अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी जिलों के जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं राज्य कोचिंग योजना एवं श्रमशक्ति योजना की जिलेवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
राज्य कोचिंग योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं श्रमशक्ति योजना के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर सचिव श्री सोहैल ने कहा,राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों और युवाओं तक विभागीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि राज्य कोचिंग योजना एवं श्रमशक्ति योजना के माध्यम से शिक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।"बैठक के दौरान सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ा जाए, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित