पटना , दिसंबर 22 -- राज्य के 70 हजार प्रारंभिक विद्यालयों में 24 दिसंबर को 'हर बच्चा, श्रेष्ठ बच्चा' विषय पर अभिभावक- शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जायेगी।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिये प्राथमिक शिक्षा के निदेशक विक्रम विरकर ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित करते हुये सोमवार को पत्र भेजा है।
इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री विरकर ने पत्र में बताया है कि इस संगोष्ठी का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता और प्रगति को पहचानना और सराहना है। संगोष्ठी के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागी बनाया जायेगा और घर एवं विद्यालय के बीच सार्थक संवाद और सहयोग को मजबूत किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में बच्चों की शैक्षिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों, उनकी सीखने की आवश्यकताओं, स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। विशेष रूप से बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के लिए आयरन- फॉलिक एसिड की गोलियों के सेवन पर अभिभावकों को जागरूक किया जायेगा। साथ ही, शीत ऋतु में बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय में नियमित उपस्थिति बनाये रखने के महत्व पर भी जोर दिया जायेगा।
संगोष्ठी में अधिक से अधिक अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षकों को अभिभावकों के साथ व्यक्तिगत संवाद के माध्यम से बच्चों की प्रगति और उनकी आवश्यकताओं पर चर्चा करने के लिये कहा गया है।
राज्य सरकार ने इस संगोष्ठी की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के लिए एक गूगल फॉर्म भी उपलब्ध कराया है, जिसमें विद्यालयों को अपनी रिपोर्ट दर्ज करनी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित