पटना , फरवरी 04 -- बिहर के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय 'उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य' के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया है, जिससे छात्रों विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा हो।

श्री कुमार ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए बड़ी योजनायें बनाई गयी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जायेंगे।

श्री कुमार ने एक्स पर लिखा कि अभी भी राज्य के सभी 534 प्रखण्डों में से 213 प्रखण्डों में कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं हैं। इस क्रम में प्रथम चरण में ऐसे सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने तथा जुलाई 2026 तक पढ़ाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

श्री कुमार ने बताया कि राज्य के पुराने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके तहत कुल 55 शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि इन प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के उन्नयन के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा रही है। इन संस्थानों के पुराने अनुभवी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से विमर्श एवं उनका सुझाव प्राप्त कर आगे की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना से उच्च शिक्षा ग्रहण में लड़कियों को काफी सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विकसित किए जाने से युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा पाने में सहूलियत मिलेगी तथा इन संस्थानों का गौरव भी पुनर्स्थापित होगा। इससे राज्य के चहुंमुखी विकास में काफी सहयोग मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित