देहरादून , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड सरकार के सचिव वित्त दिलीप जावलकर से सोमवार को देहरादून में सचिवालय में राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टॉफ एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी के नेतृत्व में भेंट कर अपनी लम्बित मांगों के संबंध में विस्तृत वार्ता की।
इस दौरान उन्होंने एसोसिएशन की दो मांगों राज्य कर मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों के नये प्रस्तावित ढांचे की स्वीकृति तथा राज्य कर अधिकारी सेवा नियमावली में संशोधन पर सकारात्मक सहमति प्रदान की गई।
श्री जावलकर ने यह आश्वासन दिया है कि राज्य कर मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों के प्रस्तावित नये ढांचे को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव पर वेतन विसंगति समिति द्वारा भी सहमति व्यक्त की गई है। जिस पर विभाग से आख्या प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
सचिव वित्त द्वारा राज्य कर अधिकारी सेवा नियमावली में प्रस्तावित द्वितीय संशोधन-2024 पर भी शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
उनके द्वारा की गई सकारात्मक पहल एवं आश्वासन के उपरान्त उत्तराखण्ड राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टॉफ एसोसिएशन की प्रान्तीय कार्यकारिणी द्वारा अपना आन्दोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित