हैदराबाद , मार्च 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने राज्यसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा है कि 37 में से 22 सीटें जीतना पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि है, जो पहले की 12 सीटों से काफी अधिक है।

हैदराबाद के नामपल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पार्टी नेताओं,श्री नितिन नवीन और श्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि ये नतीजे राज्यसभा में भाजपा की बढ़ती ताकत को दर्शाते हैं।

श्री राव ने कांग्रेस पर "पक्षपाती विदेशी रिपोर्टों" का समर्थन करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने यूएससीआईआरएफ की सिफारिशों और भारतीय संस्थाओं पर की गई टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी रिपोर्टों के आधार पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जैसे संगठनों को निशाना बनाना गैर-जिम्मेदाराना है।

तेलंगाना विधानसभा की हालिया घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के विधायकों द्वारा "वंदे मातरम" के दौरान वॉकआउट करने की निंदा की और इसे राष्ट्रीय सम्मान का अपमान बताया। इसके साथ ही कांग्रेस पर इस मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए "दोहरी नीति" और वोट बैंक की राजनीति करने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित