रायपुर , अप्रैल 16 -- ) संसद के उच्च सदन राज्यसभा में गुरुवार को नवनिर्वाचित सांसदों ने सदस्यता की शपथ ली।

छत्तीसगढ़ से निर्वाचित सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भी शपथ ग्रहण कर प्रदेश की जनता की आवाज को सदन में बुलंद करने का संकल्प लिया। इस दौरान उनका पारंपरिक परिधान विशेष चर्चा का विषय बना रहा।

शपथ ग्रहण समारोह में श्रीमती वर्मा ने छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को दर्शाने वाली विशेष रूप से डिज़ाइन की गयी साड़ी पहनी थी। साड़ी में भोरमदेव मंदिर की आकृति और 'छत्तीसगढ़ महतारी' का चित्र उकेरा गया था। वहीं किनारी पर 'जय जोहार' अंकित था। उनके इस परिधान को प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता के सशक्त प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है, जिसकी व्यापक सराहना हो रही है।

शपथ के बाद श्रीमती वर्मा ने इसे अपने सार्वजनिक जीवन का भावुक और महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि उनका हर प्रयास प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए समर्पित रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित