चंडीगढ़ , मार्च 13 -- हरियाणा में 16 मार्च को होने वाले दो राज्यसभा सीटों के चुनाव से पहले कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास से कांग्रेस विधायक किसी अज्ञात जगह भेज दिए गए।

सूत्रों के अनुसार विधायकों में टूट-फूट की आशंका को देखते हुए पार्टी हाईकमान के निर्देश पर उन्हें हिमाचल प्रदेश शिफ्ट किया जा रहा है। हालांकि, हिमाचल में विधायकों को कहां ठहराया जाएगा, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, बादली विधायक कुलदीप वत्स, जुलाना विधायक विनेश फोगाट, पंचकुला विधायक चंद्रमोहन, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास और टोहाना विधायक परमवीर सिंह इस समूह के साथ नहीं गए।

इससे पहले दोपहर में हुड्डा के आवास पर विधायकों के लिए लंच का आयोजन किया गया था। करीब एक बजे तक कांग्रेस के सभी 37 विधायक वहां पहुंच चुके थे। हालांकि पंचकुला से विधायक चंद्रमोहन बैठक के बीच में ही वहां से निकल गए। बाहर निकलने के दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और फोन पर व्यस्त रहे। चंद्रमोहन को सांसद कुमारी सैलजा का करीबी माना जाता है।

बादली विधायक कुलदीप वत्स ने हुड्डा आवास से बाहर निकलते हुए कहा कि वे हिमाचल नहीं जाएंगे क्योंकि उनके घर में शादी का कार्यक्रम है।

वहीं फिरोजपुर झीरका के विधायक मामन खान जुम्मे की नमाज अदा करने के लिए कुछ समय के लिए बैठक से बाहर निकले और बाद में वापस लौट आए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित