पटना , मार्च 16 -- हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पांचों उम्मीदवारों की जीत को राजग की एकजुटता और मजबूत नेतृत्व की जीत बताया है।

डॉ. सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान महागठबंधन के कई विधायक मतदान के समय गायब रहे। यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि महागठबंधन के अंदर भारी असंतोष और अविश्वास है। उन्होंने कहा कि जिस गठबंधन के नेता अपने ही विधायकों को एकजुट नहीं रख पा रहे हों, उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव खुद को महागठबंधन का नेता बताते हैं, लेकिन राज्यसभा चुनाव ने यह दिखा दिया कि उनके नेतृत्व में न तो अनुशासन है और न ही विश्वास। अपने ही विधायकों का भरोसा खो देना इस बात का संकेत है कि महागठबंधन की राजनीति केवल बयानबाजी तक सीमित रह गई है।

डॉ. सुमन ने कहा कि दूसरी ओर राजग पूरी मजबूती, अनुशासन और विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजे इस बात का प्रमाण हैं कि बिहार में राजग पूरी तरह संगठित और मजबूत है, जबकि महागठबंधन अंदरूनी कलह से जूझ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित