पटना , मार्च 16 -- बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव के दौरान अपने तीन विधायकों की अनुपस्थिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सोमवार को कहा कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
श्री राम ने आज संवाददाताओं से कहा कि इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी के उच्च नेतृत्व को भेजी जाएगी और पार्टी के संविधान तथा सिद्धांतों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा झटका है कि पार्टी के तीन विधायक मतदान में शामिल नही हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिन विधायकों ने पार्टी के पक्ष में मतदान नहीं किया है, उनके आचरण से लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंची है और इस पूरे मामले को केंद्रीय नेतृत्व के संज्ञान में ला कर इसकी जाँच की जाएगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इसकी एक रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी और पार्टी के नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई पर हाई कमान फैसला करेगा।
श्री राम ने कहा कि यह घटनाक्रम पार्टी के लिए आश्चर्यजनक है, क्योंकि तीनों विधायक एक दिन पहले तक पार्टी नेतृत्व के संपर्क में थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित